
रुद्रपुर – चार दिन से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव शनिवार सुबह कल्याणी नदी से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने किशोर के सिर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खेड़ा वार्ड-17 निवासी रियासत अली का 13 वर्षीय पुत्र रिजवान 21 जुलाई से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
शनिवार सुबह झील के समीप कल्याणी नदी में मछली पकड़ने गए लोगों ने नदी में एक किशोर का शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना पर रम्पुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान रिजवान के रूप में कराई।
शव मिलने की सूचना पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि रिजवान के सिर पर चोट के निशान हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

