खून का रिश्ता नहीं, फिर भी निभाया औलाद का फर्ज,100 वर्षीय ‘दादी माँ’ के निधन पर संचालिका शशि सिंह ने खुद उठाई अर्थी

हल्द्वानी, तिकोनिया – इंसानियत और मानवीय रिश्तों की मिसाल पेश करने वाली एक भावुक घटना तिकोनिया स्थित विरासत वृद्धाश्रम में देखने को मिली। हेल्पिंग हैंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में लंबे समय से रह रहीं 100 वर्षीय निराश्रित बुजुर्ग महिला, जिन्हें आश्रम में सभी लोग प्यार से ‘दादी माँ’ कहते थे, का रविवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन से पूरे आश्रम परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

दादी माँ के अंतिम समय में उनका कोई जैविक परिजन मौजूद नहीं था, लेकिन आश्रम की संचालिका शशि सिंह ने बेटी का फर्ज निभाते हुए पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार कराया। उन्होंने स्वयं अर्थी को कंधा दिया और अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।

आश्रम ही बना दादी माँ का परिवार

आश्रम से जुड़े लोगों के अनुसार, 100 वर्ष की उम्र के बावजूद दादी माँ का व्यवहार बेहद स्नेहपूर्ण था। वह आश्रम में रहने वाले अन्य बुजुर्गों और सदस्यों के बीच अपनेपन और दुलार का केंद्र थीं। संचालिका शशि सिंह भी उनकी देखभाल अपनी सगी दादी की तरह करती थीं। उनके निधन के बाद आश्रम में मौजूद हर व्यक्ति भावुक नजर आया।

शशि सिंह ने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि ईश्वर ने उन्हें दादी माँ का अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि भले ही दादी माँ का कोई जैविक परिवार उनके साथ नहीं था, लेकिन विरासत वृद्धाश्रम ही उनका परिवार था। उन्होंने अंतिम यात्रा में साथ देने वाले आश्रम के सदस्यों और स्थानीय लोगों का आभार जताया।

बारिश भी नहीं रोक सकी अंतिम विदाई

दादी माँ की अंतिम यात्रा के दौरान क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसके बावजूद आश्रम के सदस्य और स्थानीय लोग अंतिम विदाई देने के लिए डटे रहे। भारी बारिश के बीच नम आंखों से दादी माँ को अंतिम विदाई दी गई।

यह घटना समाज के सामने इंसानियत और मानवीय संवेदनाओं की एक मार्मिक तस्वीर पेश करती है। जहां खून के रिश्ते साथ न हों, वहां भी सच्चे अपनत्व और सेवा भाव से बने रिश्ते किसी परिवार से कम नहीं होते।