
नैनीताल – कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को नैनीताल जनपद के कृष्णापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर भूस्खलन और पहाड़ी से गिर रहे बोल्डरों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अस्थिर अवस्था में मौजूद विशाल बोल्डरों को रोकने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से जाल लगाए गए थे, लेकिन यह व्यवस्था पर्याप्त साबित नहीं हुई। हाल ही में बोल्डर गिरने से एक कार और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई थी, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
दीपक रावत ने कहा कि केवल बोल्डरों को स्थिर करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका सुरक्षित और स्थायी निस्तारण आवश्यक है। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि स्लोप स्टेबलाइजेशन में विशेषज्ञ एजेंसी को तत्काल मौके पर बुलाकर आधुनिक तकनीक के माध्यम से बोल्डरों को छोटे हिस्सों में विभाजित कर हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही क्षेत्र का भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण भी शीघ्र कराने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने जर्जर पैदल मार्ग और बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। इस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक बलिया नाले का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक मार्ग पर रेलिंग लगाकर उसे सुरक्षित बनाया जाए।
क्षेत्रवासियों ने कुमाऊं विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान विभाग मैदान से पुराने कूड़ा खड्ड तक वैकल्पिक दोपहिया मार्ग बनाने की मांग भी रखी। इस पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग को शीघ्र सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर आयुक्त ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जो सफाई कर्मचारी ड्यूटी में लापरवाही बरत रहे हैं, उनका संबंधित दिन का वेतन काटा जाए।
आयुक्त ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भूस्खलन और मार्ग धंसने की समस्या का स्थायी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी समस्या की सूचना सीधे प्रशासन को दें।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजना नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
