राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस ने किया श्रद्धासुमन अर्पित, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश तथा कांग्रेस S.I.R. समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मनोज रावत प्रमुख रूप से मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण के दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने के लिए विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और संचार के क्षेत्र में नई सोच के साथ महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने युवाओं की शक्ति और सामर्थ्य पर विश्वास किया तथा पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने और लोकतंत्र को गांव-गांव तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके विचार और देश के प्रति समर्पण आज भी प्रेरणादायी हैं।

कांग्रेस S.I.R. समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि राजीव गांधी ने भारतीय राजनीति को नई पीढ़ी की आकांक्षाओं से जोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकतांत्रिक संस्थाओं, संविधान और नागरिक अधिकारों को मजबूत करने की आवश्यकता है। ऐसे दौर में राजीव गांधी की लोकतांत्रिक सोच और विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेताओं में शामिल थे। उन्होंने देश को आधुनिक तकनीक, शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया तथा युवाओं को राष्ट्र की प्रगति का केंद्र माना। उन्होंने लोकतंत्र को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और गांवों में विकास एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए।

See also  रुद्रपुर_प्रीपेड मीटर के खिलाफ कांग्रेस ने किया आंदोलन का ऐलान

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब कार्यकर्ता संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें।

कार्यक्रम में बी.एल.ए.-1 हल्द्वानी डॉ. मयंक भट्ट, सतीश नैनवाल, मधु सांगूड़ी, भागीरथी बिष्ट, शोभा बिष्ट, नीमा भट्ट, मंजू पांडे, पुष्पा नेगी, डॉ. केदार पलड़िया, संजय किरौला, गुरप्रीत प्रिंस, कानू बिष्ट, नंदन दुर्गापाल, राजेंद्र दुर्गापाल, जाकिर हुसैन, गिरीश पांडे, मोहम्मद गुफरान, संदीप पांडे, प्रदीप बिष्ट, नितिन भट्ट, संजू उप्रेती, प्रदीप नेगी, बसंत जोशी, घनश्याम फुलारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।


ख़बर शेयर करे -