
हल्द्वानी – 9 अप्रैल को हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में नैनीताल जिला कांग्रेस एवं हल्द्वानी महानगर कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत के साथ हुई, जिसके बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सम्मेलन के दौरान संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क और आगामी चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान कई लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता लेने वालों में हल्द्वानी नगर निगम के पूर्व अपर मुख्य अधिकारी विजेंद्र चौहान, पूर्व पार्षद प्रत्याशी राजू रावत, रामगढ़ के ब्लॉक प्रमुख दीपक आर्य सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य शामिल रहे। नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका से ही पार्टी की मजबूती सुनिश्चित होती है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को लगातार जनसंपर्क में रहना चाहिए और स्थानीय मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना आवश्यक है और पार्टी इस दिशा में कार्य कर रही है।
चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत करते हुए व्यापक जनसंपर्क के माध्यम से आगामी चुनावों की तैयारियां की जा रही हैं।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिससे संगठन की सक्रियता और उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
इस अवसर पर प्रदेश सह-प्रभारी मनोज यादव, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय सचिव गुरदीप सप्पल, पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व सांसद महेंद्र पाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व विधायक रंजीत आर्य, प्रो. जीत राम आर्य, संजीव आर्य, हेमेश खर्कवाल, नारायण पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, महिला जिलाध्यक्ष खष्टी बिष्ट, महिला महानगर अध्यक्ष मधु सांगुड़ी सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।


