नैनीताल क्लब में करंट लगने से संविदा बिजली तकनीशियन की मौत, विभागीय जांच शुरू

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – राज्य अतिथि गृह (नैनीताल क्लब) में कार्यरत एक संविदा बिजली तकनीशियन की बिजली लाइन की खराबी ठीक करने के दौरान करंट लगने और ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि विभागीय स्तर पर भी मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह (31) पुत्र बनवारी लाल, निवासी रमपुरा वार्ड नंबर-8, रुद्रपुर, पिछले करीब एक वर्ष से ठेका प्रथा के तहत राज्य अतिथि गृह में बिजली तकनीशियन के रूप में कार्यरत थे। रविवार शाम से राज्य अतिथि गृह की चहारदीवारी से जुड़ी विद्युत लाइन बाधित थी। सोमवार सुबह करीब 11 बजे महेंद्र सिंह खराबी दूर करने के लिए बिजली के पोल पर चढ़े।

इसी दौरान वह विद्युत प्रवाहित लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह पोल से नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद सहकर्मी सुरेश फुलारा और अन्य लोगों ने उन्हें तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. यति उप्रेती ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर चारु चंद्र पंत ने बताया कि संबंधित कर्मचारी ने कार्य पूरा होने के बाद शटडाउन खोलने का अनुरोध किया था। इसी दौरान अचानक गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी। उन्होंने कहा कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। विभाग ने घटना की आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है।

See also  हल्द्वानी_होली की धूम- एक अलग ही अंदाज़ मे दिखे एसएसपी और कमिश्नर दीपक रावत, देखें वीडियो

प्रत्यक्षदर्शी सहकर्मी सुरेश फुलारा के अनुसार हादसे के समय महेंद्र सिंह ने सुरक्षा दस्ताने नहीं पहने थे। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि सुरक्षा उपकरणों के उपयोग में हुई चूक हादसे का एक कारण हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन रुद्रपुर से नैनीताल पहुंचे। घटना के बाद राज्य अतिथि गृह परिसर और परिजनों में शोक का माहौल है।


ख़बर शेयर करे -