
हल्द्वानी – महिलाओं से जुड़े उत्पीड़न एवं पारिवारिक विवादों के मामलों के त्वरित निस्तारण और प्रभावी कार्रवाई के उद्देश्य से पुलिस बहुद्देशीय भवन, हल्द्वानी में महिला ऐच्छिक ब्यूरो का मासिक काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने की।
बैठक में महिलाओं से संबंधित विभिन्न शिकायतों और पारिवारिक विवादों के कुल 14 मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान दोनों पक्षों को उपस्थित कर उनकी समस्याओं एवं पक्षों को विस्तार से सुना गया तथा मामलों के समाधान का प्रयास किया गया।
काउंसलिंग सत्र में ऐच्छिक ब्यूरो की सदस्य डॉ. रश्मि पंत (मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर), डॉ. प्रभा पंत (शिक्षाविद एवं विभागाध्यक्ष, एमबीपीजी कॉलेज) तथा अधिवक्ता एवं पूर्व बार अध्यक्ष राम सिंह बसेड़ा भी मौजूद रहे। वहीं उप निरीक्षक सुनीता कुंवर, प्रभारी महिला समाधान केंद्र हल्द्वानी ने सभी प्रकरणों को ब्यूरो के समक्ष प्रस्तुत किया।
सुनवाई के दौरान आठ मामलों में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश जारी किए गए, जबकि तीन मामलों में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता कराया गया। वहीं तीन अन्य मामलों को अग्रिम कार्रवाई एवं आदेश के लिए न्यायालय को प्रेषित किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नैनीताल पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा और पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
