रुद्रपुर और किच्छा में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का डिजिटल प्रशिक्षण महा अभियान संपन्न

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर/किच्छा – भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय डिजिटल प्रशिक्षण महा अभियान-2026’ के अंतर्गत जनपद ऊधम सिंह नगर की रुद्रपुर एवं किच्छा विधानसभा में भव्य प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों, प्रबुद्ध कार्यकर्ताओं तथा वरिष्ठ नेताओं को डिजिटल तकनीकों और संगठनात्मक कौशल को सुदृढ़ बनाने संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश सह-प्रभारी जहीर अंसारी ने किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा संगठन की नीतियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यम संगठन को मजबूत बनाने का प्रभावी साधन बन चुके हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता को इनका बेहतर उपयोग करना चाहिए।

कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ऊधम सिंह नगर के जिला अध्यक्ष हारून मलिक, जिला टोली के सदस्य नवजीत सिंह एवं जुबेर मलिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा नैनीताल जिला मंत्री शानु खान, प्रदेश कार्यकारी सदस्य राजा कमाल तथा वरिष्ठ नेता नफीस खान ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेते हुए संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क को प्रभावी बनाने के संबंध में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

पूर्व निर्धारित प्रवास कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिनिधिमंडल ने रुद्रपुर में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष फरजाना बेगम के आवास पर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। इसके पश्चात किच्छा में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग की नवनियुक्त सदस्या फराह खान का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

See also  लालकुआँ में जाम पर सख्त हुई पुलिस – कोतवाल राणा खुद उतरे सड़कों पर, काटे गए चालान

प्रवास के अंतिम चरण में प्रतिनिधिमंडल ने लालकुआं के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उदयवीर सिंह के आवास पहुंचकर उनके 17 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ के सड़क दुर्घटना में हुए आकस्मिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सिद्धार्थ के मित्र अयान के परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया तथा अयान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

प्रशिक्षण अभियान में शामिल कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए संकल्प लिया कि वे डिजिटल तकनीकों का सकारात्मक उपयोग कर संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का कार्य करेंगे। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, जनसंपर्क और आधुनिक संचार माध्यमों के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया।


ख़बर शेयर करे -