नशे में धुत पुलिसकर्मियों पर छेड़छाड़ का आरोप, एसएसपी नैनीताल ने दिखाई सख्ती

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेले में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर गंभीर अनुशासनहीनता, शराब सेवन और छेड़छाड़ के आरोप सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया है। मामले में नामजद एफआईआर दर्ज कर विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपर उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद (थाना केलाखेड़ा, जनपद ऊधम सिंह नगर) तथा हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार (थाना गदरपुर, ऊधम सिंह नगर) कैंची धाम स्थापना दिवस मेले की ड्यूटी में तैनात थे।

आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी रात्रि ड्यूटी के दौरान एक होमस्टे में ठहरे हुए थे, जहां उन्होंने अत्यधिक शराब का सेवन किया। नशे की हालत में दोनों पर होमस्टे संचालक के परिवार की एक युवती के साथ छेड़छाड़ करने तथा विरोध करने पर परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ अभद्रता एवं मारपीट करने के आरोप लगे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। क्षेत्राधिकारी (सीओ), पुलिस अधीक्षक (एसपी) एवं अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

स्थानीय लोगों की मौजूदगी एवं वीडियोग्राफी के बीच दोनों पुलिसकर्मियों का अल्कोहल टेस्ट कराया गया। साथ ही मेडिकल परीक्षण भी कराया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कोतवाली भवाली में दोनों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। वर्तमान में दोनों पुलिस हिरासत में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

See also  लालकुआं नगर पंचायत में खुलेआम कथित भ्रष्टाचार की खुली पोल

पुलिस विभाग ने आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है। निलंबन के अतिरिक्त कठोरतम विभागीय कार्रवाई, जिसमें सेवा से बर्खास्तगी तक शामिल है, की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही संबंधित पुलिसकर्मियों के मूल जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को भी मामले की रिपोर्ट भेज दी गई है।

इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल ने स्पष्ट कहा है कि धार्मिक ड्यूटी के दौरान शराब सेवन,  अनुशासनहीनता अथवा किसी भी प्रकार का आपराधिक कृत्य किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है, चाहे वह आम नागरिक हो या पुलिसकर्मी। दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान नशाखोरी, अनुशासनहीनता अथवा किसी भी प्रकार के आपराधिक आचरण पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


ख़बर शेयर करे -