कैंची धाम मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, स्टिकर सिस्टम और शटल सेवा से यातायात व्यवस्था रही पूरी तरह सुचारू

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस एवं मेला दिवस-2026 के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद यातायात व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित और सुचारू बनी हुई है। प्रशासन और पुलिस द्वारा लागू किए गए स्टिकर सिस्टम तथा शटल सेवा की प्रभावी व्यवस्था इस बार मेले की सबसे बड़ी सफलता के रूप में सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को अब तक लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद कैंची धाम और आसपास के क्षेत्रों में कहीं भी जाम की स्थिति देखने को नहीं मिली। पुलिस और प्रशासन की समन्वित कार्ययोजना के चलते श्रद्धालुओं का आवागमन व्यवस्थित ढंग से संचालित होता रहा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संचालित की जा रही शटल सेवा लगातार सुचारू रूप से चल रही है। निर्धारित पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक श्रद्धालुओं को पहुंचाने के लिए लगाए गए शटल वाहनों ने यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वहीं, वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित और व्यवस्थित रखने के लिए लागू किया गया स्टिकर सिस्टम भी प्रभावी साबित हुआ है। प्रशासन द्वारा निर्धारित स्टिकर लगे वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी जा रही है, जिससे अनावश्यक वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण बना हुआ है और यातायात व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित हो रही है।

नैनीताल पुलिस लगातार पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रही है। ट्रैफिक डायवर्जन प्लान का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार सक्रिय हैं।

See also  हल्द्वानी_बनभूलपुरा;शिक्षक दिवस पर पुलिस ने स्कूली छात्राओं को महिला सुरक्षा का पढ़ाया पाठ

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित यातायात नियमों और डायवर्जन प्लान का पालन करें, जिससे मेले की व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें और सभी श्रद्धालु सुरक्षित रूप से अपने दर्शन कर सकें।

कैंची धाम में श्रद्धा, सेवा और सुव्यवस्थित यातायात का यह समन्वय इस वर्ष के मेला आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।


ख़बर शेयर करे -