
हल्द्वानी – नैनीताल पुलिस परिवार में सोमवार को भावुक माहौल के बीच पांच पुलिस कर्मियों को ऐच्छिक सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में आयोजित समारोह में पुलिस कर्मियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके लंबे और सराहनीय सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया।
31 अगस्त 2026 को आयोजित विदाई समारोह का आयोजन एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल की ओर से किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों ने अपने लंबे पुलिस सेवाकाल के अनुभवों और विभाग में बिताए गए महत्वपूर्ण पलों को साझा किया।
ऐच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वालों में हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक कुँवर, अपर उपनिरीक्षक अशोक कुमार जोशी, उपनिरीक्षक त्रिभुवन सिंह तथा उपनिरीक्षक बालकृष्ण शामिल रहे। इन सभी पुलिस कर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान विभिन्न जनपदों में रहते हुए पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण और सराहनीय सेवाएं दीं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। वहीं एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने कर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग के प्रति उनका योगदान अनुकरणीय रहेगा। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पौष्टिक आहार लेने और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की सलाह दी।
समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को उपहार स्वरूप शॉल, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। नैनीताल पुलिस परिवार की ओर से भी सभी कर्मियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह, निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर, प्रभारी चौकी दमुआदूँगा कुमकुम धनिक सहित पुलिस कार्यालय, कोतवाली हल्द्वानी के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस कर्मियों के परिजन मौजूद रहे।

