याद-ए-हुसैन रक्तदान शिविर में उमड़ा मानवता का सैलाब, 150 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान

ख़बर शेयर करे -

किच्छा (ऊधमसिंह नगर) उम्मीद ब्लड फाउंडेशन, रुद्रपुर द्वारा नगर पालिका परिसर, किच्छा में आयोजित छठे “याद-ए-हुसैन” स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में इंसानियत और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली।

शिविर में जनपद सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 150 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में योगदान दिया। शिविर में सभी धर्मों, जातियों और वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर गुफरान खान ने कहा कि “याद-ए-हुसैन का पैगाम इंसानियत, त्याग और जरूरतमंदों की मदद करना है। रक्तदान सबसे बड़ी मानव सेवा है और लोगों का उत्साह इस मुहिम की सफलता को दर्शाता है।”

वहीं अकरम खान ने कहा कि “उम्मीद ब्लड फाउंडेशन पिछले छह वर्षों से इस सेवा अभियान को निरंतर चला रहा है। हमारा उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यह संदेश देना है कि इंसानियत से बढ़कर कोई धर्म नहीं है।”

कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे खिदमत ब्लड फाउंडेशन, हल्द्वानी के संस्थापक इमरान सैफी ने कहा कि “रक्त की कमी के कारण किसी मरीज की जान न जाए, इसी उद्देश्य के साथ हमारी टीम लगातार जरूरतमंदों तक रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन समाज को सेवा और एकता का संदेश देते हैं।”

खिदमत ब्लड फाउंडेशन के सदस्य अज़हर मलिक ने कहा कि “रक्तदान महादान है। जब सभी समुदायों के लोग एक मंच पर आकर रक्तदान करते हैं तो यह समाज में भाईचारे और मानवता को मजबूत करता है।”

रक्तदान के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान और जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में निभाई जा रही सक्रिय भूमिका को देखते हुए इमरान सैफी और अज़हर मलिक को आयोजकों द्वारा सम्मानित भी किया गया। इस दौरान रक्तदाताओं को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

See also  1 अगस्त से नैनीताल मॉल रोड बनेगा 'नो हॉर्न जोन', उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह जनसेवा के कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।


ख़बर शेयर करे -