
हल्द्वानी – जनपद में सट्टा और जुए की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने एक व्यक्ति को सट्टा खेलते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्ची, नकदी और अन्य सामग्री बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में थाना बनभूलपुरा पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार चेकिंग और शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान गौला पार्किंग क्षेत्र में एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कथित रूप से सट्टे की खाई-बाड़ी करते हुए पाया गया। पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शकील अहमद निवासी उजाला नगर, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्ची, पेन, गत्ता और नकद राशि बरामद की है।
मामले में बनभूलपुरा थाने में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध सट्टा और जुए की गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
