
हल्द्वानी – ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर में आयोजित वार्षिक महोत्सव ‘ग्राफेस्ट’ सोमवार की शाम संगीत, उत्साह और उमंग के रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में मशहूर गायिका ने अपनी दमदार आवाज और बेबाक अंदाज से समां बांधते हुए हजारों छात्र-छात्राओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत डीजे के हाई-वोल्टेज म्यूजिक से हुई। उनके जोशीले बीट्स पर युवा देर तक थिरकते रहे और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। जैसे ही जैस्मीन सैंडलस मंच पर पहुंचीं, तालियों और नारों की गूंज से माहौल और भी जीवंत हो उठा।
गायिका ने अपने लोकप्रिय गीत ‘सिप-सिप’, ‘शरारत’ और ‘मैं और तू’ प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने लोकगीतों के फ्यूजन की खास प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। उनके संवादात्मक अंदाज और दर्शकों के साथ जुड़ाव ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला और वाइस चेयरपर्सन डॉ. राखी घनशाला भी मौजूद रहे। उन्होंने छात्रों को इस तरह के आयोजनों के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
महोत्सव के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहीं। आयोजकों के अनुसार, ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक मंच प्रदान करना है। देर रात तक चले इस आयोजन में छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
‘ग्राफेस्ट’ की यह रंगारंग शाम हल्द्वानी के शैक्षणिक और सांस्कृतिक परिदृश्य में एक यादगार पल के रूप में दर्ज हो गई।
