
हल्द्वानी – नारी शक्ति वंदन बिल के संसद में पारित न होने को लेकर सियासत तेज हो गई है। गुरुवार को हल्द्वानी में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा और उनकी भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और समाजवादी पार्टी का रुख महिलाओं के प्रति उनकी नकारात्मक सोच को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने संसद में इस महत्वपूर्ण बिल को पास नहीं होने दिया, जिससे देश की आधी आबादी के अधिकारों के साथ अन्याय हुआ है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार हमेशा से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को गांव-गांव तक लाभ पहुंचाया जा रहा है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
कैड़ा ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे केवल राजनीतिक लाभ और स्वयं को हाईलाइट करने के उद्देश्य से इस तरह का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने देश की महिलाओं के साथ धोखा किया है, जिसका जवाब उन्हें आगामी चुनावों में महिलाओं के विरोध के रूप में भुगतना पड़ेगा।
मंत्री ने विश्वास जताया कि मातृशक्ति को सशक्त बनाने के लिए यह बिल भविष्य में अवश्य पारित कराया जाएगा और सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगी।
