
रानीखेत – महिला आरक्षण विधेयक के सदन में गिरने के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। गुरुवार को भाजपा नेत्री एवं आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष भावना मेहरा ने रानीखेत में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की ‘ना’ ने देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों को कुचलने का काम किया है। महिला सशक्तिकरण की बातें करने वाला विपक्ष निर्णायक समय पर महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़ा हो गया। मेहरा ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने महिलाओं और बेटियों के राजनीतिक भविष्य का गला घोंटने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव महिलाओं के सम्मान और उनकी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रही है, लेकिन विपक्ष की नकारात्मक राजनीति के चलते यह महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पारित नहीं हो सका। इसे उन्होंने देश की महिलाओं के साथ खुला विश्वासघात करार दिया।
भावना मेहरा ने आगे कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि देश की सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाली महिलाएं आगे बढ़ें, क्योंकि इससे उनकी परिवारवाद की राजनीति को सीधी चुनौती मिलती है। उन्होंने कहा कि देश की जागरूक जनता इस रवैये को समझती है और आने वाले समय में इसका जवाब अवश्य देगी।
वहीं, क्षेत्रीय विधायक प्रमोद नैनवाल ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए महिला आरक्षण विधेयक के विरोध को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को अधिकार और भागीदारी देने की बात आती है, तब कांग्रेस जैसे दल पीछे हट जाते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
इससे पूर्व रानीखेत पहुंचीं राज्यमंत्री भावना मेहरा का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, प्रदेश मंत्री विमला रावत, जिला पंचायत सदस्य बीना बिष्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमा नेगी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

