कालाढूंगी में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित बस की टक्कर से युवा ट्रांसपोर्टर की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ख़बर शेयर करे -

लालकुआँ/कालाढूंगी – कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में लालकुआँ के बिंदुखत्ता निवासी युवा ट्रांसपोर्टर पुष्कर सिंह कार्की की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता क्षेत्र के खुरियाखत्ता निवासी पुष्कर सिंह कार्की (पुत्र दीवान सिंह कार्की) पेशे से ट्रांसपोर्टर थे। उनके दो वाहन रानीखेत क्षेत्र में चल रहे डामरीकरण कार्य में लगे हुए थे।

गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कालाढूंगी के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।

मृतक पुष्कर सिंह कार्की अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे और परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनका स्वभाव मिलनसार बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, उन्होंने हाल ही में अपने पिता की हार्ट सर्जरी भी करवाई थी और परिवार की हर जरूरत का ध्यान रखते थे।

इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुष्कर अपने पीछे पत्नी ममता, वृद्ध माता-पिता और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के लोग और रिश्तेदार बड़ी संख्या में हल्द्वानी पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

See also  पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने वापस लिया अपना और अपने भाई संजय ठुकराल का नाम अब विकास शर्मा को लड़ायेंगे मेयर का चुनाव

ख़बर शेयर करे -