
लालकुआं – गोरापड़ाव राष्ट्रीय राजमार्ग पर छह दिन पहले हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय अयान खान ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह बरेली के भोजीपुरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती था। इससे पहले हादसे के दिन ही उसके साथ बाइक पर सवार 16 वर्षीय सिद्धार्थ की मौत हो गई थी। एक ही हादसे में दो युवाओं की मौत से लालकुआं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की शाम लालकुआं के वार्ड नंबर-4 निवासी सिद्धार्थ पुत्र उदयवीर सिंह (16) और अयान खान पुत्र शमशेर खान (20) बाइक से हल्द्वानी मोमो खाने गए थे। वापस लौटते समय गोरापड़ाव के पास सामने से रॉन्ग साइड आ रहे एक कैंटर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां सिद्धार्थ ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अयान की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पहले हल्द्वानी के निजी अस्पताल और बाद में भोजीपुरा स्थित राम मूर्ति अस्पताल रेफर किया गया। पांच दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार सुबह अयान ने भी अंतिम सांस ली।
बताया गया कि अयान ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और आगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिवार में उसके तीन भाई और दो बहनें हैं। वह अपने परिवार के साथ नानी अमीना बेगम के घर में रहता था। पोस्टमार्टम के बाद जब अयान का शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
उधर, सिद्धार्थ भी एक मेधावी छात्र था और अपने पिता उदयवीर सिंह के साथ कराटे में भी दक्ष था। एक ही मोहल्ले के दो होनहार युवाओं की छह दिन के भीतर मौत से पूरे लालकुआं क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। हादसे के बाद से स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश और दुख का माहौल है।

