नैनीताल ज़िलें में भारी बारिश का अलर्ट, कल सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 31 अगस्त यानी सोमवार को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आकाशीय बिजली और तेज वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है।

प्रशासन के आदेश के अनुसार 31 अगस्त को नैनीताल जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा।

मौसम विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, सड़कें बाधित होने, जलभराव तथा नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।

लगातार बारिश से 8 ग्रामीण मार्ग बंद

नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही पर भी पड़ने लगा है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 30 अगस्त शाम 4 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार जिले में 8 ग्रामीण मार्ग बाधित हैं। संबंधित विभागों की टीमें जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से बंद मार्गों को खोलने में जुटी हुई हैं।

ये मार्ग हैं बाधित

– फतेहपुर भाखड़ा–बसानी मार्ग (किमी-2)

– रातीघाट–बुधलाकोट मार्ग (किमी-7)

– बबियाड़–टपूआ मार्ग (किमी-1)

– छीड़ाखान–अधोरा–अमजड़ मोटर मार्ग (किमी-11, 13 और 19)

– पतलोट–पश्यागांव मार्ग (किमी-1.7)

See also  हल्द्वानी_"स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश की चतुर्थ पुण्यतिथि पर 13 जून को होटल सौरभ में श्रद्धांजलि सभा"

– स्यूड़ा–ककोड़–हरीशताल मार्ग (किमी-8, 11 और 13)

– खनस्यू–टांडा मार्ग (किमी-8)

– बरेली–अल्मोड़ा मार्ग (किमी-1)

प्रशासन के अनुसार अधिकांश बाधित मार्गों को खोलने की कार्रवाई लगातार जारी है।

चोरगलिया में सबसे अधिक 35 मिमी बारिश

रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। मुक्तेश्वर में 16 मिमी, हल्द्वानी-काठगोदाम में 13 मिमी, नैनीताल में 13 मिमी तथा चोरगलिया में सर्वाधिक 35 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

अब तक की क्षति रिपोर्ट के अनुसार जिले में 3 जनहानि, 54 आंशिक भवन क्षति, एक पूर्ण भवन क्षति तथा 2 पशुहानि दर्ज की गई है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बाधित और संवेदनशील मार्गों पर जाने से बचें तथा यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।


ख़बर शेयर करे -