
हल्द्वानी – नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) द्वारा रविवार 30 अगस्त को आयोजित होने वाली NEET-PG परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जनपद के काठगोदाम, हल्द्वानी, चोरगलिया और लालकुआं स्थित चार परीक्षा केंद्रों पर कुल 1041 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशों के क्रम में शनिवार को एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने कोतवाली स्थित मीटिंग हॉल में परीक्षा ड्यूटी में तैनात जोनल, सेक्टर और अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग ली। इस दौरान परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस के अनुसार NEET-PG परीक्षा रविवार सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों पर जोनल एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों के साथ सहायक सेक्टर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। केंद्रों के भीतर और बाहरी सुरक्षा घेरे में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
एसपी हल्द्वानी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाए। सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि सीसीटीवी कैमरों और जैमर के माध्यम से भी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी। परीक्षा केंद्रों में बाहरी वस्तुओं, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
परीक्षा के दौरान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में इंटरनेट कैफे, फोटोकॉपी की दुकान और अन्य संबंधित संस्थानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में होटल, ढाबों, लॉज और होम-स्टे की सघन जांच करने के भी आदेश दिए गए हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
परीक्षा में किसी भी प्रकार की तकनीकी धांधली रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात कर्मी पेनटॉर्च सहित आवश्यक उपकरणों के माध्यम से ब्लूटूथ और अन्य सूक्ष्म इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों की भी जांच करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी के लिए जोनल और सेक्टर अधिकारी तथा डायल-112 की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, पेपर लीक से जुड़े झूठे दावों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया मॉनीटरिंग टीम, साइबर सेल और एसओजी को भी सक्रिय किया गया है।
कंट्रोल रूम से परीक्षा की रियल-टाइम मॉनीटरिंग की जाएगी और पल-पल की जानकारी उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी। ब्रीफिंग के दौरान सीओ लालकुआं विमल प्रसाद ने भी पुलिस बल को ड्यूटी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा, थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा समेत अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

