बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा में अधिकारियों को ए श्रेणी का लक्ष्य, विकास कार्यों में गुणवत्ता पर दिया जोर

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – उत्तराखंड राज्य स्तरीय बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने बुधवार को विकास भवन सभागार में जनपद में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं बीस सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा सभी विभागों को बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने बताया कि मई 2026 में जनपद को 37 मदों में से 21 में ए, छह में बी, एक में सी तथा नौ में डी श्रेणी प्राप्त हुई थी। वहीं जून 2026 में प्रदर्शन में सुधार दर्ज करते हुए 40 मदों में से 26 में ए, पांच में बी, तीन में सी तथा छह में डी श्रेणी हासिल की गई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 की वार्षिक रैंकिंग में जनपद ने प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि जिन विभागों और योजनाओं का प्रदर्शन अभी भी बी, सी अथवा डी श्रेणी में है, वे विशेष कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार करते हुए ए श्रेणी प्राप्त करना सुनिश्चित करें।

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा करते हुए उन्होंने नगर आयुक्त रुद्रपुर, काशीपुर तथा संबंधित अधिकारियों को लाभार्थियों के आवासों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कराने तथा निर्माण की वास्तविक प्रगति के अनुसार समयबद्ध ढंग से किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र गर्भवती महिलाओं को समय पर लाभ पहुंचाने और पोर्टल पर आंकड़ों की शुद्ध एवं समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

See also  "लापरवाही और लत: किशोर अपराध की जड़ें घर से बाहर नहीं, घर के भीतर"

बैठक में जल जीवन मिशन एवं हर घर जल योजना की समीक्षा करते हुए जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित पेयजल योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा हैंडओवर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए आगामी माह में सभी मदों में ए श्रेणी प्राप्त करने के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा।

बैठक के बाद उपाध्यक्ष ने विकासखंड रुद्रपुर की ग्राम पंचायत दोपहरिया में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत बागवाला में जिला विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित कराए जा रहे आवासीय भवनों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति से अवगत कराया। उपाध्यक्ष ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके।


ख़बर शेयर करे -