ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस और एसओटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 91.16 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

ख़बर शेयर करे -

किच्छा (ऊधमसिंहनगर) – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘नशामुक्त उत्तराखंड’ संकल्प को साकार करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत कोतवाली किच्छा पुलिस और एसओटीएफ कुमाऊँ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 91.16 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नशे की बिक्री से अर्जित 3,500 रुपये की नकदी भी बरामद की गई है।

पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ रिद्धिम अग्रवाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज भूपेंद्र सिंह धौनी के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

संयुक्त पुलिस टीम ने 7 जुलाई 2026 को गुरुद्वारे वाली गली, लालपुर क्षेत्र में दबिश देकर मलकीत सिंह पुत्र सोहन सिंह, निवासी गुरुद्वारे वाली गली, लालपुर, थाना किच्छा, जिला ऊधमसिंहनगर को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 91.16 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) तथा 3,500 रुपये नकद बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कोतवाली किच्छा में धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह इससे पूर्व कोतवाली किच्छा में दर्ज एफआईआर संख्या 146/2026 तथा एफआईआर संख्या 183/2026 में भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत वांछित चल रहा था।

See also  हल्द्वानी_काठगोदाम में हाइवे पर बना वैली ब्रिज की मरम्मत के लिए 19 से 25 तक रहेगा बंद

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मुख्यमंत्री के ‘नशामुक्त उत्तराखंड’ अभियान को सफल बनाने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली किच्छा के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुराग सिंह, चौकी प्रभारी लालपुर उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल मदन नाथ तथा एसओटीएफ कुमाऊँ के एएसआई मुजफ्फर अली, हेड कांस्टेबल पंकज सिंह एवं हेड कांस्टेबल हरवंश राणा शामिल रहे।


ख़बर शेयर करे -