पार्षद के घर बड़ी वारदात, परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर नौकर आभूषण लेकर फरार

देहरादून – बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास भाजपा पार्षद अमिता सिंह के घर में घरेलू सहायक द्वारा कथित तौर पर परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ खिलाकर आभूषण लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात घरेलू सहायक ने कथित तौर पर भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोश हो गए। इसी दौरान घरेलू सहायक घर में रखे सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ साथियों के साथ वहां से निकला।

पार्षद अस्पताल में भर्ती

नशीला पदार्थ खाने के बाद पार्षद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके पति महिपाल सिंह और बेटे की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। परिवार के सदस्यों को होश आने के बाद घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

20 दिन पहले काम पर आया था

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अमिता सिंह की बेटी करीब 20 दिन पहले दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए लेकर आई थी। पुलिस अब घरेलू सहायक की पहचान, उसके साथियों और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार घरेलू सहायक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और लूटे गए सामान के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।