मां की स्मृति में 101 पौधे रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला सह प्रभारी (काशीपुर) भारत भूषण चुघ ने अपनी दिवंगत माता एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य उर्मिला रानी चुघ की स्मृति में 101 पौधों का रोपण कर उन्हें अनूठी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों को भी पौधे वितरित कर उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

भारत भूषण चुघ ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उनकी माता उर्मिला रानी चुघ का निधन हो गया था। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से उन्होंने संकल्प लिया है कि प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्य स्मृति में पौधारोपण करेंगे। इसी क्रम में इस वर्ष राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जहांगीरपुर में 101 पौधे लगाए गए।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत बेल, अशोक सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। सभी पौधों के चारों ओर सुरक्षा कवच भी लगाए गए ताकि उनका समुचित संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को पौधे सौंपते हुए उनसे उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया।

भारत भूषण चुघ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी विभिन्न शिक्षण संस्थानों में लगाए गए पौधे आज वृक्ष का रूप लेकर हरियाली फैला रहे हैं। वर्ष 2021 से अब तक क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर हजारों पौधे लगाए जा चुके हैं और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

See also  उत्तराखण्ड मे सुबह शाम की ठंड के बीच यहाँ हल्की धूप से हुई आज दिन की शुरुआत........

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कृष्णा पासवान, ग्राम प्रधान दिलशाद हुसैन, ग्राम प्रधान मनदीप वर्मा, ग्राम प्रधान प्रमोद सहनी, मनीष चुघ, चंद्र प्रकाश चुघ, नमन चुघ, नयन चुघ, उमा उपाध्याय, संजीव बुधोरी, भावना पांडे, महेंद्र कुमार, पूनम चौहान, नेहा चौहान, सुशील, नीलम, कुसुम, मनोज जुनेजा, रमेश घीक सहित विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


ख़बर शेयर करे -