फार्म हाउस की दीवार पर दिखे दो तेंदुए, ग्रामीणों में दहशत

ख़बर शेयर करे -

काशीपुर – काशीपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार देर रात ग्राम ढकिया नंबर तीन स्थित एक फार्म हाउस की दीवार पर एक साथ दो तेंदुए दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों तेंदुओं का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुओं की मौजूदगी महसूस की जा रही है। रात के समय खेतों और आबादी के आसपास उनकी आवाजाही बढ़ने से लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुओं को जल्द पकड़ने की मांग करते हुए सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की अपील की है।

ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुओं की लगातार चहलकदमी के कारण लोग रात के समय घरों से निकलने से भी डर रहे हैं। खासकर बच्चों और पशुधन की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।

उधर, काशीपुर रेंज के रेंजर देवेंद्र रजवार ने बताया कि तेंदुओं की गतिविधियों को गंभीरता से लिया गया है। वन विभाग की टीम क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की सलाह दी गई है।

See also  रूद्रपुर_युवाओें को आदर्श जीवन की ओर अग्रसर करना वर्तमान की सबसे बड़ी जरूरत - विकास शर्मा

ख़बर शेयर करे -