
हल्द्वानी – (संवाददाता ज़फर अंसारी) कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 39 में समाज सेवा से जुड़े लोगों को सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘नगर के नायक’ सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मठ व्यक्तियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
मनोज पाठक के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वच्छता कर्मियों, विद्युत विभाग के कर्मचारियों तथा सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों सहित समाज के उन अनदेखे नायकों को सम्मानित किया गया, जो लंबे समय से जमीनी स्तर पर निस्वार्थ भाव से सेवा कार्यों में जुटे हैं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के वास्तविक नायकों को पहचान दिलाना और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाना रहा। आयोजकों ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह न केवल सेवा कार्यों में जुटे लोगों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं।
समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम सफल और प्रेरणादायक बन गया।

