तिरंगे की शान में गूंजा नैनीताल पुलिस का परिसर, वीरता और उत्कृष्ट सेवा को मिला सम्मान

ख़बर शेयर करे -

नैनीताल – देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस नैनीताल पुलिस ने उत्साह, देशभक्ति और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया। जनपद के सभी थानों, पुलिस कार्यालयों एवं इकाइयों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। पुलिस लाइन नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तिरंगा फहराया और पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

ध्वजारोहण के दौरान पुलिस कर्मियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की सुरक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को नमन किया। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा करने तथा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।

उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह में नैनीताल पुलिस के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न पदकों एवं सम्मान से अलंकृत किया गया। एसपी संचार रेवाधर मठपाल को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया।

इसके अलावा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क से भी कई पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

डीजीपी प्रशस्ति डिस्क सिल्वर (सेवा के आधार पर)

  • उपनिरीक्षक चंद्रशेखर
  • अपर उपनिरीक्षक जानकी वर्मा

डीजीपी प्रशस्ति डिस्क गोल्ड (सेवा के आधार पर)

  • अपर उपनिरीक्षक हरीश चंद्र

डीजीपी प्रशस्ति डिस्क सिल्वर (विशिष्ट कार्य के लिए)

  • मुख्य आरक्षी वीरेंद्र राम
  • आरक्षी शंकर नाथ, कोर्ट पैरोकार
  • उपनिरीक्षक दिलीप सिंह

पूर्व में घोषित पदकों से भी जवान हुए सम्मानित

गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड द्वारा घोषित डीजीपी प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से भी अधिकारियों एवं कर्मचारी को एसएसपी ने अलंकृत किया।

See also  महिला अधिकारों के अग्रदूत थे अंबेडकर - भावना मेहरा

इनमें अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता उच्च न्यायालय नैनीताल राजेश कुमार भट्ट को सेवा के आधार पर, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल को विशिष्ट कार्य तथा आरक्षी मुन्नी देवी लोहानी को सेवा के आधार पर सम्मानित किया गया।

जनसेवा में उत्कृष्ट कार्य की प्रेरणा देता है सम्मान

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि विशिष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मान मिलने से निश्चित रूप से अन्य जवानों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस का प्रत्येक जवान जनसेवा, कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

थानों और पुलिस इकाइयों में भी फहराया गया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय नैनीताल, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने पुलिस बहुद्देशीय भवन हल्द्वानी में ध्वजारोहण किया। इसके अलावा जनपद के सभी सीओ कार्यालयों, थानों और अग्निशमन केंद्रों में अधिकारियों एवं पुलिस बल ने तिरंगे को सलामी देकर स्वतंत्रता दिवस मनाया।

इस अवसर पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, अपर पुलिस अधीक्षक सतर्कता राजेश कुमार भट्ट, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


ख़बर शेयर करे -