ओवर स्पीड वाहनों पर नैनीताल पुलिस का शिकंजा, रामपुर रोड पर इंटरसेप्टर से ताबड़तोड़ चालान

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और पर्यटन सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने ओवर स्पीड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में इंटरसेप्टर वाहन में लगी ओवर स्पीड गन के माध्यम से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पांडे द्वारा रामपुर रोड क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान कुल 20 वाहन ओवर स्पीड में पाए गए। इनमें 19 वाहन निर्धारित 60 किलोमीटर प्रति घंटा की सीमा से अधिक गति में चल रहे थे, जबकि एक वाहन 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रफ्तार में पाया गया। कार्रवाई के दौरान एक बस और 19 कारों के चालान किए गए।

इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 54 चालान कर कार्रवाई अमल में लाई गई।

प्रभारी निरीक्षक यातायात ने बताया कि रामपुर रोड, चोरगलिया रोड और कालाढूंगी रोड पर अधिकतम गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है। चेकिंग के दौरान यह भी सामने आया कि पर्यटक वाहनों के साथ-साथ स्थानीय टैक्सी और निजी वाहन चालक भी तेज रफ्तार में वाहन चला रहे हैं।

नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।


ख़बर शेयर करे -
See also  UK और UP की सीमाओं पर पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान,पुलिस के आला अधिकारियों ने की UK आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग