
कैंचीधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, नैनीताल पुलिस ने संभाली यातायात की कमान
35 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन, डायवर्जन और बेहतर एग्जिट प्लान से नहीं बनने दिया जाम
नैनीताल – बड़े वीकेंड पर कैंचीधाम, भवाली और नैनीताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भारी भीड़ के बावजूद नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला। पुलिस की बेहतर ट्रैफिक प्लानिंग, डायवर्जन और एग्जिट मैनेजमेंट के चलते हजारों श्रद्धालुओं ने सुगम तरीके से बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए और अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
कैंचीधाम में 35 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर तक पहुंचाया गया, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रही। वहीं, निर्धारित पार्किंग स्थलों से शटल बसों और टैक्सियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को कैंचीधाम पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सुबह चार बजे से विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया। अल्मोड़ा और गरमपानी की ओर से आने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। यातायात के दबाव के अनुसार समय-समय पर टू-लेन संचालन कर वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने एग्जिट ट्रैफिक पर विशेष ध्यान दिया। दर्शन के बाद लौटने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को व्यवस्थित तरीके से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इसके चलते यातायात का दबाव लगातार नियंत्रित रहा और कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनने दी गई।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं ग्राउंड पर रहकर यातायात व्यवस्था की निगरानी करते रहे। उन्होंने मौके की स्थिति के अनुसार अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी सिटी हल्द्वानी, एसपी संचार नैनीताल, क्षेत्राधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, टीआई, सीपीयू, पीएसी, होमगार्ड सहित पुलिस बल के जवान प्रमुख स्थानों पर तैनात रहे।
यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने पहले ही काठगोदाम-हल्द्वानी टैक्सी यूनियन एवं संचालकों के साथ बैठक कर डायवर्जन और एग्जिट प्लान की जानकारी साझा की थी। निर्धारित पार्किंग स्थलों के उपयोग और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए थे।
डायवर्जन, शटल सेवा, टू-लेन संचालन और प्रभावी एग्जिट मैनेजमेंट की संयुक्त रणनीति के चलते बड़े वीकेंड पर उमड़ी भारी भीड़ के बावजूद यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही। श्रद्धालुओं ने भी पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की।
नैनीताल पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन, सुरक्षित यातायात और सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाना उसकी प्राथमिकता है।

