हल्द्वानी महानगर कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित, 53 पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की संस्तुति के बाद 53 पदाधिकारियों वाली नई महानगर कांग्रेस कमेटी की घोषणा की।

नई कार्यकारिणी में युवाओं, महिलाओं तथा समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है, जिससे संगठन को अधिक समावेशी एवं मजबूत बनाने का प्रयास किया गया है। साथ ही अनुभवी कांग्रेसजनों के साथ ऊर्जावान एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सामाजिक समरसता, समान भागीदारी और जनसेवा की रही है। इसी भावना के अनुरूप नई टीम का गठन किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा कांग्रेस की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जन आंदोलनों एवं चुनावी तैयारियों में नई कार्यकारिणी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा प्रदेश नेतृत्व की अपेक्षाओं के अनुरूप संगठन को नई ऊर्जा और गति प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रस्तावित विशाल जनसभा को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए नई महानगर कांग्रेस कमेटी पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुट गई है। जनसभा की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं तथा वार्ड एवं बूथ स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

See also  भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पंतनगर पहुंचे कही यह बाते

इस अवसर पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने नवगठित महानगर कांग्रेस कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी में युवाओं, महिलाओं एवं समाज के सभी वर्गों को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व दिया गया है, जो कांग्रेस की समावेशी विचारधारा का परिचायक है। उन्होंने कहा कि महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट के नेतृत्व में नई टीम संगठन को और अधिक मजबूत करेगी तथा जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से लेकर जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी 8 अगस्त को आयोजित कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई मजबूती प्रदान करेगी तथा आगामी जनसभा सहित सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी सक्रिय रूप से कार्य करेगी और जनता के बीच पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का काम करेगी।


ख़बर शेयर करे -