रुद्रपुर हत्याकांड का खुलासा: दोस्त ही निकला कातिल, 5 हजार रुपये के शक में ले ली जान

ख़बर शेयर करे -

रुद्रपुर – ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान से 31 जुलाई को बरामद युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पांच हजार रुपये की कथित चोरी के संदेह में आरोपी ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतक अनिल कुमार (23 वर्ष) और आरोपी घटना वाले दिन साथ बैठे थे। दोनों ने पहले शराब पी और इसके बाद आरोपी अनिल को बहाने से शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने लकड़ी की फट्टी और ईंट से अनिल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रस्सी और ईंट भी बरामद कर ली है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या की वजह पांच हजार रुपये की चोरी का संदेह और उससे उपजी रंजिश सामने आई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

See also  भूकंप विषयक माक अभ्यास हेतु जनपद स्तरीय इस प्रणाली के समस्त अधिकारियों के सचिव आपदा ने ली बैठक

पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है, जबकि इस त्वरित खुलासे से एक सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया है।


ख़बर शेयर करे -