7 व 14 मई को ऊधम सिंह नगर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान, 6 लाख से अधिक बच्चों को दी जाएगी दवा

ख़बर शेयर करे -

ऊधम सिंह नगर – बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान (National Deworming Day) का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 7 मई 2026 को मुख्य दिवस तथा 14 मई 2026 को मॉप-अप दिवस के रूप में संचालित किया जाएगा।

अभियान के तहत जनपद के सभी सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, मदरसों, डिग्री कॉलेजों, पॉलिटेक्निक और अन्य तकनीकी संस्थानों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल (Albendazole) की गोली निःशुल्क खिलाई जाएगी। इस बार जिले में कुल 6,03,960 बच्चों को दवा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सीएमओ ने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश 7 मई को दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 14 मई को मॉप-अप राउंड के दौरान दवा दी जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रहे।

उम्र के अनुसार दवा की खुराक भी तय की गई है। 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली (पीसकर), 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को एक पूरी गोली (पीसकर) तथा 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली चबाकर खिलाई जाएगी।

विशेषज्ञों के अनुसार पेट में कीड़े होने से बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, कमजोरी और थकान जैसी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में एल्बेंडाजोल की गोली कृमि संक्रमण को खत्म कर बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करती है।

See also  हल्द्वानी_पूछताछ के बाद इमाम व इलेक्ट्रीशियन को क्लीन चिट, पुलिस ने कहा—सामान्य प्रक्रिया,किसी तरह का संदेह नहीं

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें और यह सुनिश्चित करें कि बच्चे खाली पेट दवा न लें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।


ख़बर शेयर करे -