नरेंद्र मोदी की तीसरी पारी अपने आप में एक रिकॉर्ड, क्या तोड़ सकेंगे इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड? – पढ़े ख़बर

ख़बर शेयर करे -

नरेन्द्र मोदी – देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेताओं की सूची में नरेंद्र मोदी का नाम भी शामिल है। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू सबसे लंबे समय यानी 16 साल, 9 महीने और 13 दिन तक प्रधानमंत्री पद पर रहे थे। 9 जून को नरेंद्र मोदी की ताजपोशी होगी। वह लगातार तीसरी बार देश की सत्ता संभालेंगे। हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। 4 जून को घोषित नतीजों में बीजेपी को 240 सीटें मिलीं। वहीं, सहयोगी दलों के साथ एनडीए गठबंधन 293 सीटें जीतने में सफल रहा है।

नरेंद्र मोदी का तीसरा कार्यकाल अपने आप में एक रिकॉर्ड है। लगातार तीसरी बार शपथ लेते ही वह जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की श्रेणी में शामिल हो जाएंगे। आइए जानते हैं कि देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री कौन है? सबसे लंबे समय तक पीएम रहने की सूची में शामिल हो चुके मोदी क्या अपना कार्यकाल पूरा करते ही इंदिरा का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे?

जवाहरलाल नेहरू

जवाहरलाल नेहरू आजादी के बाद देश के पहले प्रधानमंत्री बने। जवाहरलाल नेहरू ने लगातार तीन बार देश की बागडोर संभाली। पंडित नेहरू 1947 से 1964 तक करीब 17 साल तक प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने 16 साल, 9 महीने और 13 दिन तक प्रधानमंत्री का पद संभाला। प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए 27 मई 1964 को नई दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई।

इंदिरा गांधी

भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी थीं। चार बार देश की प्रधानमंत्री रहीं इंदिरा ने 1966 से 1977 तक लगातार तीन बार देश की सत्ता संभाली। 1966 में लाल बहादुर शास्त्री की मृत्यु के बाद इंदिरा पहली बार देश की प्रधानमंत्री बनीं। 1967 में हुए चुनाव में जीत हासिल करने के बाद उन्होंने दूसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद 1971 का चुनाव जीतकर इंदिरा गांधी ने लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। इंदिरा गांधी ने 1975 में आपातकाल लगाया। इसके चलते जो कार्यकाल 1976 में खत्म हो सकता था, वह 1977 में आपातकाल खत्म होने तक जारी रहा। उनका चौथा और आखिरी कार्यकाल 1980 से 1984 तक रहा। 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा की उनके घर के बाहर उनके दो अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी। इस तरह इंदिरा 15 साल 11 महीने और 22 दिन तक देश की प्रधानमंत्री रहीं।

नरेंद्र मोदी

2014 में सत्ता संभालने के बाद बीजेपी के दिग्गज नेता लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी ने बीजेपी को रिकॉर्ड जीत दिलाई और दोनों ही मौकों पर पूर्ण बहुमत हासिल किया। प्रधानमंत्री के तौर पर उनका तीसरा कार्यकाल 9 जून से शुरू हो रहा है। उन्होंने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री का पद संभाला था। इस कार्यकाल को पूरा करते ही वे तीसरे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले प्रधानमंत्री बन जाएंगे। हालांकि, तीसरे कार्यकाल में भी वे इंदिरा के रिकॉर्ड की बराबरी नहीं कर पाएंगे।

डॉ. मनमोहन सिंह

देश के पहले सिख प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने दोनों बार यूपीए सरकार का नेतृत्व किया। प्रधानमंत्री कार्यालय में उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मनमोहन सिंह का कार्यकाल 10 साल 5 दिन तक चला।


ख़बर शेयर करे -