
हरिद्वार – राज्य के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई प्रमुख संतों से भेंट कर आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने के लिए सहयोग का आग्रह भी किया।
मेला नियंत्रण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने कुंभ से जुड़ी सभी योजनाओं को तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार न केवल एक श्रेष्ठ तीर्थधाम है, बल्कि देश की आध्यात्मिक राजधानी भी है। ऐसे में कुंभ मेला 2027 को ऐतिहासिक बनाने के लिए राज्य सरकार बड़े स्तर पर तैयारियां कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन व केंद्र सरकार के सहयोग से आयोजन को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने सड़कों के सुधार, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन, घाटों के अनुरक्षण व विस्तार, स्ट्रीट लाइट्स और शौचालयों की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे बेहतर अनुभव लेकर जाएं, इसके लिए सभी विभाग सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। साथ ही साधु-संतों और अखाड़ों की सहमति के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि कुंभ मेला 2027 के लिए राज्य सरकार द्वारा 300 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं, जबकि केंद्र सरकार से 500 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों की निरंतर निगरानी करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
सचिव शहरी विकास नितेश झा और मेलाधिकारी सोनिका ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राज्य मद से 55 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 36 स्थायी और 19 अस्थायी कार्य शामिल हैं। अधिकांश स्थायी कार्य प्रगति पर हैं और शेष पर जल्द कार्य शुरू होगा। केंद्र सरकार की धनराशि से भी स्थायी कार्यों को गति दी जाएगी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि हरिद्वार में अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला योगेंद्र सिंह रावत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि कुंभ के दौरान 32 सेक्टरों में अस्थायी पुलिस थाने और बाहरी क्षेत्रों में चार स्थायी थाने स्थापित किए जाएंगे।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि कुंभ के दौरान 13 हजार शौचालय और 8 हजार मूत्रालय स्थापित किए जाएंगे तथा सफाई व्यवस्था की डिजिटल निगरानी की जाएगी।
बैठक में मेयर किरण जैसल, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, मंजीत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, संजय चोपड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
हरिद्वार भ्रमण के दौरान मंत्री ने जगद्गुरु आश्रम में शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम, निरंजनी अखाड़ा में स्वामी रविंद्र पुरी, वेद निकेतन में स्वामी यतीश्वरानंद और पतंजलि योगपीठ में स्वामी रामदेव से भेंट कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने संतों और अखाड़ों से कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग का आग्रह किया।
इससे पूर्व मंत्री ने सीसीआर-2 भवन के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अन्य विकास कार्यों का भी जायजा लिया।

