भीमताल_मेहरागांव शिक्षा कार्यालय में लापरवाही पर कड़ा एक्शन: दो कर्मचारी निलंबन की कगार पर, वेतन रोका

ख़बर शेयर करे -

भीमताल – खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मेहरागांव के औचक निरीक्षण में लापरवाही उजागर होने पर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने सख्त रुख अपनाते हुए दो विभागीय कार्मिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ ही विभागीय कार्यवाही शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।

बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान कार्यालय में वरिष्ठ सहायक एवं एक अन्य कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इतना ही नहीं, अनुपस्थित कर्मचारियों के हस्ताक्षर भी उपस्थिति पंजिका में दर्ज नहीं थे, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल प्रभाव से दोनों कर्मचारियों का वेतन रोकने तथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित उच्चाधिकारियों को दिए।

इसके साथ ही, अनुपस्थित खण्ड शिक्षा अधिकारी केसी चौहान ग्रोवर के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई हेतु जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है कि निरीक्षण सुबह 11:30 बजे तक चला, लेकिन इस दौरान भी बीईओ कार्यालय में उपस्थित नहीं हो पाए।

निरीक्षण के बाद मुख्य विकास अधिकारी ने राजकीय माध्यमिक, प्राथमिक एवं उच्चतर विद्यालयों का भी दौरा किया। विद्यालय में कुल 116 विद्यार्थियों में से 88 की उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि समस्त स्टाफ उपस्थित पाया गया, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और उन्हें पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी महत्व देने की सलाह दी। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रयोगशालाओं में अधिक से अधिक प्रैक्टिकल कार्य कराए जाएं तथा पुस्तकालय का नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों की दक्षता में वृद्धि हो सके।

See also  बाजपुर मशरूम फैक्ट्री हादसा: जिला प्रशासन की तत्परता से बची कई जानें, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जूनियर राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यालय के छात्र संजू से मुलाकात कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्र को प्रेरित करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत के बल पर वह भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करे।


ख़बर शेयर करे -