नैनीताल – जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में संस्थागत प्रसव को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिलीवरी (प्रसव केंद्र) प्वाइंट की संख्या बढ़ाई जाए तथा सभी प्रसव केंद्रों पर प्रशिक्षित नर्सिंग अधिकारियों की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही निर्देश दिए कि प्रत्येक गर्भवती महिला की निगरानी पंजीकरण के दिन से लगातार की जाए और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा उनके साथ व्यवहारिक संवाद स्थापित किया जाए।
उन्होंने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर और एएनएम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य शिक्षा देने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के पास हर गर्भवती महिला का बर्थ प्लान उपलब्ध होना चाहिए तथा प्रत्येक होम डिलीवरी का रिव्यू कर कमियों को चिन्हित किया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के गिरते लिंगानुपात पर चिंता व्यक्त करते हुए पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों की लगातार निगरानी की जाए और ठोस रणनीति के साथ छापेमारी अभियान चलाया जाए। इसके लिए स्थानीय नेटवर्क को साथ लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने और समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों एवं विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को चालानी कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि इस संबंध में की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा भी की जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.सी. पंत ने जानकारी दी कि आगामी 7 मई को जनपद में कृमि मुक्ति दिवस आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाई जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस अभियान की प्रभावी निगरानी की जाए और निजी स्कूलों के संगठनों के साथ बैठक कर अधिक से अधिक बच्चों को दवा उपलब्ध कराई जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि “टीवी मुक्त भारत” अभियान के अंतर्गत 62 हाई-रिस्क ग्रामों में हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से अब तक 6678 एक्स-रे किए जा चुके हैं, जबकि पूरे जनपद में यह संख्या 12405 तक पहुंच चुकी है। जिलाधिकारी ने शिक्षा, पंचायतीराज और बाल विकास विभाग के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए कि वे टीबी जांच के साथ-साथ एक्स-रे भी अवश्य कराएं।
बैठक का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से किया। इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तरुण कुमार टम्टा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्वेता भंडारी, डॉ. संजीव खर्कवाल, डॉ. चंद्र पंत, डॉ. राजेश ढकरियाल सहित समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

