
रामनगर – नैनीताल जनपद के रामनगर क्षेत्र में स्थित कोसी कैफे होमस्टे प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमस्टे के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के दौरान सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली रामनगर में दर्ज FIR संख्या 116/26 व 115/26, जो क्रमशः धारा 137(2)/64(1) बीएनएस एवं ¾ पोक्सो एक्ट तथा धारा 137(2)/65(1) बीएनएस एवं ¾ पोक्सो एक्ट के तहत पंजीकृत हैं, की गहन विवेचना की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम साक्ष्य प्राप्त हुए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डेय के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की तह तक जाकर जांच की।
विवेचना में यह तथ्य उजागर हुआ कि कोसी डोलघर (अल्मोड़ा) निवासी होमस्टे मैनेजर भास्कर जोशी पुत्र नवीन चन्द्र ने यौन अपराध से जुड़े मामले में आरोपी को संरक्षण और सहायता प्रदान की थी।
इसी आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भास्कर जोशी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
