प्रो. शिवेंद्र कुमार कश्यप बने पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति, अधिसूचना जारी

ख़बर शेयर करे -

पंतनगर – गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। प्रोफेसर शिवेंद्र कुमार कश्यप को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। इस संबंध में सोमवार को लोकभवन की ओर से अधिसूचना जारी की गई।

प्रो. कश्यप वर्तमान में विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय में कृषि संचार विभाग के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। वे बीते 24 वर्षों से कृषि संचार, कृषि विस्तार और शिक्षण पद्धति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देते आ रहे हैं।

शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रो. कश्यप को कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उन्हें प्रतिष्ठित “मंथन पुरस्कार” से भी सम्मानित किया जा चुका है, जिसमें ग्रामीण सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके कार्यों को जूरी च्वाइस श्रेणी में विशेष पहचान मिली।

प्रो. कश्यप विभिन्न प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। कृषि संचार, कृषि विस्तार, कृषि शिक्षा एवं शिक्षण पद्धति जैसे विषयों पर उनकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।

नियुक्ति के बाद पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत लालकुआँ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन पहुंचकर कुलपति प्रो. कश्यप से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उन्हें पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

लोटनी ने विश्वास जताया कि प्रो. कश्यप के नेतृत्व में विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और कृषि नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा। इस अवसर पर लालकुआँ क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

See also  गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियाँ तेज, जिलाधिकारी ने की अधिकारियों के साथ बैठक

मुलाकात के दौरान वार्ड नंबर-2 के सभासद धन सिंह बिष्ट, भाजपा मंडल महामंत्री बॉबी सम्मल, युवा समाजसेवी पंकज पांडेय, निशांत गिरी और वरुण पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नए कुलपति को शुभकामनाएं देते हुए विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


ख़बर शेयर करे -