
हल्द्वानी/नैनीताल – रक्षाबंधन के पावन पर्व पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। इस अवसर पर पुलिस परिवार में भी रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता और उत्साह के साथ मनाया गया।
SSP नैनीताल की पीआरओ हेमा ऐठानी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जनसुरक्षा और जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया गया।
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व नहीं है, बल्कि यह रक्षा, जिम्मेदारी और विश्वास के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नैनीताल पुलिस इसी भावना के अनुरूप जनपदवासियों की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने भी SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी., पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर राखी बांधी। ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिस कर्मियों के प्रति स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त कीं। वहीं पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने भी इस आत्मीय पहल के लिए उनका आभार जताया।
SSP ने कहा कि जनसेवा और जनसुरक्षा नैनीताल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और पुलिस के प्रति उसका विश्वास और अधिक मजबूत हो, इसके लिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रही है।
उन्होंने समस्त जनपदवासियों से रक्षाबंधन का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील करते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।

