गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा: दो और शातिर गिरफ्तार, तमंचे, कार और ₹1.40 लाख की लूटी नकदी बरामद

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – गोरापड़ाव क्षेत्र में हुई सनसनीखेज डकैती की घटना का खुलासा करते हुए नैनीताल पुलिस ने दो और शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त वरना कार तथा लूटी गई ₹1,40,000 की नकदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस पहले ही छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और कोतवाली हल्द्वानी की टीम मौके पर पहुंची।

मामले में अम्बा विहार, तीनपानी निवासी नारायण दास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि करीब 10 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने गोरापड़ाव स्थित उनके कार्यालय/गैराज में घुसकर डकैती की। बदमाश वहां से करीब ₹8 लाख की नकदी, 12 मोबाइल फोन तथा तीन सोने की चेन और अंगूठियां लूट ले गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए डकैती के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी सहित थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम और क्राइम विशेषज्ञों को शामिल किया गया।

घटनास्थल की जांच के लिए बीड़ीएस, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की भी मदद ली गई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर मौजूद लोगों से जानकारी ली और पुलिस टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।

See also  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह: देशभक्ति के रंग में रंगा कैंपस

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने लगातार विभिन्न स्थानों और राज्यों में दबिश दी।

इसी क्रम में पुलिस ने 27 अगस्त 2026 को तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहब सिंह उर्फ साबी (27 वर्ष) निवासी ग्राम गज्जीपुर, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर तथा गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी (26 वर्ष) निवासी ग्राम नूरपुर, थाना स्वार, जिला रामपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

यह हुई बरामदगी

पुलिस ने अभियुक्त साहब सिंह उर्फ साबी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, लूटी गई रकम में से ₹89,700 तथा वरना कार संख्या UK-08-7517 बरामद की। वहीं, अभियुक्त गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस और लूटी गई रकम में से ₹50,300 बरामद किए गए।

दोनों अभियुक्तों से कुल ₹1,40,000 की लूटी गई नकदी, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त वरना कार बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और अन्य मामलों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

See also  बेला तोलिया ने गिनाईं 60 करोड़ की विकास योजनाएं, विरोधियों पर साजिश रचने का लगाया आरोप

इस कार्रवाई में थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने टीम को ₹2,500 के पुरस्कार से सम्मानित किया है।


ख़बर शेयर करे -