
हल्द्वानी – सीनियर सेकेंडरी स्कूल शैमफोर्ड, हल्द्वानी में उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देश पर बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बच्चों के अधिकार, सुरक्षा, संरक्षण एवं उनके सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि योगेश सिंह रजवार एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ अभिभावकों और शिक्षकों को उनके प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना रहा।
बच्चों की सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी
आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने कहा कि बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल सरकार या किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को समझना और समय पर उचित सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रखने के साथ उनकी दैनिक गतिविधियों और आवागमन पर विशेष निगरानी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को यह जानकारी अवश्य होनी चाहिए कि उनके बच्चे स्कूल आने-जाने के लिए किस बस, ऑटो या अन्य वाहन का इस्तेमाल करते हैं और उनके साथ कौन लोग यात्रा कर रहे हैं।
रजवार ने स्कूल बस और ऑटो चालकों सहित बच्चों की सुरक्षा से जुड़े लोगों के आचरण और पृष्ठभूमि की आवश्यक जांच एवं सतर्कता पर भी जोर दिया।
पॉक्सो और चाइल्ड हेल्पलाइन की दी जानकारी
चाइल्ड हेल्पलाइन की डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर किरन पंत ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकारों और चाइल्ड हेल्पलाइन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या परेशानी की स्थिति में चुप न रहने और अपनी बात किसी विश्वसनीय व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने उपलब्ध सहायता तंत्र का जरूरत पड़ने पर उपयोग करने की जानकारी भी दी। कार्यशाला में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल और जिज्ञासाएं रखीं।
सुरक्षित वातावरण के लिए विद्यालय प्रतिबद्ध
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। विद्यालय बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन एडवोकेट दयासागर बिष्ट, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश बिष्ट, डायरेक्टर अकादमिक्स अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पांडे, विनोद खोलिया, पब्लिक स्कूल एसोसिएशन अध्यक्ष कैलाश भगत, सचिव सौरभ पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि निशिकांत जोशी, कल्पना जोशी, चाइल्ड हेल्पलाइन की डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर किरन पंत, केस वर्कर बीना, युवा मोर्चा के देवेश सम्भल, मनोज गोस्वामी सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

