
हल्द्वानी – हल्द्वानी के प्रमुख सरकारी चिकित्सालयों से बड़ी संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सकों के तबादले किए जाने को लेकर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने प्रदेश सरकार के फैसले पर चिंता जताई है। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर तबादलों की पुनर्समीक्षा करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि हल्द्वानी पूरे कुमाऊँ मंडल का सबसे बड़ा स्वास्थ्य केंद्र है, जहां नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत, ऊधम सिंह नगर सहित पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों से प्रतिदिन हजारों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों के बड़े पैमाने पर हुए तबादलों से आम जनता की स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित होने की आशंका है।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय से 16, डॉ. सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय से 8 तथा महिला चिकित्सालय से 8 विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें सर्जरी, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, एनेस्थीसिया, माइक्रोबायोलॉजी, कैजुअल्टी और इमरजेंसी जैसे महत्वपूर्ण विभागों के विशेषज्ञ शामिल हैं।
विधायक सुमित का कहना है कि इन विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी होने से मरीजों को समय पर इलाज, ऑपरेशन और अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाएं मिलने में गंभीर दिक्कतें आ सकती हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उठानी पड़ेगी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के सरकारी अस्पतालों पर ही निर्भर रहना पड़ता है।
विधायक ने मुख्यमंत्री धामी से मांग की है कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन स्थानांतरणों की पुनर्समीक्षा की जाए। यदि प्रशासनिक कारणों से तबादले आवश्यक हों तो संबंधित विशेषज्ञता वाले चिकित्सकों की तत्काल तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि कुमाऊँ मंडल की स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी नैनीताल के अध्यक्ष राहुल छीमवाल, महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह बिष्ट, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधू सांगुड़ी, हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, बहादुर सिंह बिष्ट, मयंक भट्ट, डॉ. केदार पलड़िया, बिजेन्द्र चौहान, मुकुल बल्यूटिया,
एन.बी. गुणवंत, जगमोहन चिलवाल, सुहैल अहमद सिद्दीकी, महेशानंद, गोविन्द बगड़वाल, मलय बिष्ट, मनोज शर्मा, हेम जोशी, अतर हुसैन, हेमंत साहू, दीप पाठक, गिरीश पांडे, शैलेन्द्र दानू, धर्मवीर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

