लालकुआं में विकास कार्यों की समीक्षा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

लालकुआं – क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने प्रशासन, विद्युत, सिंचाई और जमरानी नहर विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विधायक ने बरसात के कारण प्रभावित और लंबे समय से रुके विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विधायक ने जमरानी नहर क्षेत्र, बंगाली कॉलोनी, मोटाहल्दू, गोरापड़ाव और हल्दूचौड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में बाधित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानसून समाप्त होने के बाद अधूरे पड़े निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को आवागमन और अन्य समस्याओं से राहत मिल सके।

सड़क और नहर मरम्मत में तेजी के निर्देश

जमरानी नहर और उससे जुड़े क्षेत्रों में अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्यों में अनावश्यक देरी न की जाए।

विद्युतीकरण और खंभों की शिफ्टिंग पर जोर

बिंदुखत्ता में चल रहे विद्युतीकरण कार्य तथा बंगाली कॉलोनी में विद्युत खंभों और ट्रांसफॉर्मरों की शिफ्टिंग को लेकर भी विधायक ने अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने इन कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया।

गौला तटबंध और सिंचाई नहरों का होगा निरीक्षण

गौला नदी में कटाव की समस्या को देखते हुए सुरक्षात्मक एवं प्रोटेक्शन वर्क में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सिंचाई नहरों के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान

मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग और मोतीनगर क्षेत्र में जलभराव तथा नहरों में रुकावट की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर और सुचारू सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।