
हल्द्वानी – कारगिल विजय की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग की ओर से आयोजित ‘शौर्य दिवस समारोह’ देशभक्ति और शौर्य के माहौल के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर की। इस अवसर पर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
प्रातः भोटियापड़ाव स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, वीर जवानों, उनके परिजनों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने पुष्पचक्र और पुष्पांजलि अर्पित कर कारगिल के वीर सपूतों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी लिया।
इसके बाद एमबीपीजी कॉलेज सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और कारगिल योद्धाओं का सम्मान किया गया। सम्मानित होने वाली वीर नारियों में श्रीमती जयंती देवी (पीरूमदारा, रामनगर), श्रीमती उमा देवी (मथुरा विहार, हल्द्वानी) तथा श्रीमती अनीता कुमारी (छड़ायल सुयाल, मानपुर पश्चिम) शामिल रहीं। वहीं नायक कैलाश चंद, सिपाही कृष्ण बहादुर राणा और नायक सूबेदार गंगा सिंह को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूर्व में आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेडल और सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
निबंध प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में निशा प्रथम, नीमा तिवारी द्वितीय तथा आरती कुंवर तृतीय स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में पवन भट्ट ने प्रथम, कंचन ने द्वितीय और वीर गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के बालक वर्ग में पवन भट्ट प्रथम, साक्षय तिवारी द्वितीय तथा हिमांशु कनौजिया तृतीय रहे। बालिका वर्ग में परी ने प्रथम, साहू ने द्वितीय और दिव्या कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को समारोह में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी मनोज कुमार कतियाल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी मोनिका, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी रमेश सिंह, कर्नल (से.नि.) बी.एस. रौतेला, कैप्टन हीरा सिंह, कैप्टन जगदीश राठौर, कैप्टन नारायण दत्त पांडे, कैप्टन राजेंद्र सिंह, हवलदार चंद्रशेखर, संजय कुमार बोरा, सूबेदार नंदन सिंह, लेफ्टिनेंट प्रहलाद खड़कवाल, कैप्टन उमेश सिंह, देवेंद्र चौहान, एनसीसी कैडेट, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पूर्व सैनिक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

