
एक्सपायरी नमक बरामद, लाइसेंस नवीनीकरण के दस्तावेज नहीं दिखा सका केंद्र प्रबंधन
रुद्रपुर – नशा पीड़ितों की सहायता, नशा उन्मूलन एवं मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के नियंत्रण हेतु विधिक सेवा दिशा-निर्देश-2015 के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) उधम सिंह नगर की टीम ने सोमवार को आयरक्षा नशा मुक्ति एवं जनसेवा ट्रस्ट, डॉक्टर्स कॉलोनी स्थित केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुईं।
निरीक्षण टीम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत, तहसीलदार रुद्रपुर दिनेश कुटोला तथा ड्रग इंस्पेक्टर शुभम कोटनाला शामिल रहे।
जांच के दौरान पता चला कि केंद्र को उत्तराखंड राज्य मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा 30 नवंबर 2023 को एक वर्ष के लिए अस्थायी पंजीकरण प्रदान किया गया था, लेकिन 29 नवंबर 2024 के बाद लाइसेंस अथवा नवीनीकरण संबंधी कोई वैध दस्तावेज केंद्र प्रबंधन प्रस्तुत नहीं कर सका।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि केंद्र एक तीन मंजिला भवन में संचालित हो रहा था, जहां एक तल पर पेइंग गेस्ट (PG) सुविधा भी संचालित की जा रही थी। टीम ने पाया कि केंद्र के कमरे पर्याप्त रूप से हवादार नहीं थे तथा वर्तमान में 48 व्यक्तियों को केवल एक बड़े हॉल और दो छोटे कमरों में रखा गया था, जो मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।
रसोईघर के निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट वाला नमक का पैकेट भी बरामद किया गया। तहसीलदार दिनेश कुटोला ने उक्त सामग्री को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए जब्त कर लिया।
निरीक्षण दल ने केंद्र में पाई गई कमियों और अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रबंधन को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए तथा मामले में आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

