
हल्द्वानी – दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी की छात्राओं ने सीबीएसई कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा विद्यालय की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।
विद्यालय की छात्रा अरिना रघुवंश ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्तराखंड क्षेत्र में स्टेट टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर एसएसपी नैनीताल ने उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अरिना की सफलता से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
विद्यालय की द्वितीय टॉपर जिज्ञासा भट्ट, जिन्होंने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, को भी सम्मानित किया गया। जिज्ञासा विद्यालय सत्र 2025-26 की हेड गर्ल भी रह चुकी हैं। इसके साथ ही 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली विद्यालय की तृतीय टॉपर निशिका पपनै को भी सम्मान प्रदान किया गया।
विद्यालय के प्रो वाइस चेयरमैन विवेक अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या रंजना शाही ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी है।
विद्यालय परिवार ने इस सफलता को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सभी छात्राओं को आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
