लालकुआँ नगर पंचायत के वित्तीय कार्यों और टेंडरों पर सख्ती, तीन सदस्यीय जांच समिति गठित

ख़बर शेयर करे -

लालकुआँ/नैनीताल – Lalkuan स्थित नगर पंचायत लालकुआँ के वित्तीय कार्यों, सरकारी टेंडरों और अलाव लकड़ी वितरण से जुड़े मामलों में संभावित अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उपजिलाधिकारी (न्यायिक) रेखा कोहली द्वारा तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।

यह कार्रवाई जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। जानकारी के अनुसार, अम्बेडकर नगर, वार्ड संख्या-1 निवासी मुकेश कुमार द्वारा 11 मार्च 2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र में नगर पंचायत के वित्तीय लेनदेन और टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताओं की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए।

गठित समिति में तहसीलदार लालकुआँ को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि कोषाधिकारी हल्द्वानी द्वारा नामित अधिकारी और वन क्षेत्राधिकारी डौली रेंज को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति को पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उपजिलाधिकारी (न्यायिक) ने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत लालकुआँ को निर्देश दिए हैं कि जांच समिति को आवश्यक सभी अभिलेख तत्काल उपलब्ध कराए जाएं और जांच प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

प्रशासन की ओर से समिति को एक सप्ताह के भीतर विस्तृत और स्पष्ट आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से नगर पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।


ख़बर शेयर करे -
See also  वर्षाकाल में बैगुल नदी से अरविंद नगर व झाड़ी नम्बर 9 में जल भराव के निदान हेतु सिंचाई विभाग को तकनीकी विशेषज्ञो से सर्वे करा बाढ़ सुरक्षा प्रस्ताव प्रस्तुत करें- डीएम उदयराज सिंह