ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में 18 अप्रैल से ‘Watch the Code’ हैकाथॉन, 24 घंटे चलेगा तकनीकी महाकुंभ

ख़बर शेयर करे -

हल्द्वानी – Graphic Era Hill University के हल्द्वानी परिसर में 18 और 19 अप्रैल को राष्ट्रीय स्तर का 24 घंटे का हैकाथॉन “Watch the Code” आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को नवाचार, तकनीकी कौशल और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

हैकाथॉन का आयोजन परिसर के ‘टेक गीक क्लब’ द्वारा किया जा रहा है, जिसमें देशभर के 25 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और संस्थानों के छात्र प्रतिभाग करेंगे। प्रतिभागी लगातार 24 घंटे तक कोडिंग और प्रोजेक्ट डेवलपमेंट में जुटे रहेंगे, जहां उनकी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और समस्या समाधान क्षमता की कड़ी परीक्षा होगी।

आयोजन में विजेताओं के लिए ₹1 लाख की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके साथ ही प्रतिभागियों को एडवांस्ड कोर्स सब्सक्रिप्शन और फ्री डोमेन होस्टिंग जैसे आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

इस हैकाथॉन में Google, Tata Consultancy Services, ABP Group और Miro जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ मूल्यांकनकर्ता के रूप में शामिल होंगे, जो प्रतिभागियों के प्रोजेक्ट्स का आकलन करेंगे।

विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने कहा कि “Watch the Code केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि वास्तविक जीवन की जटिल समस्याओं के समाधान का एक सशक्त मंच है। इसका उद्देश्य छात्रों के तकनीकी कौशल को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना और अकादमिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप में लागू करने के लिए प्रेरित करना है।”

कार्यक्रम का समन्वय डॉ. मनीषा कोरंगा और कमलेश पड़ालिया द्वारा किया जा रहा है। समन्वयकों के अनुसार, यह आयोजन न केवल प्रतिभागियों के कौशल को निखारेगा, बल्कि उन्हें उद्योग जगत के विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद का अवसर भी प्रदान करेगा।

See also  नैनीताल_स्कूली छात्रों के लिए किया गया गोल्फ प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

यह हैकाथॉन हल्द्वानी समेत पूरे उत्तराखंड में तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया जाएगा।


ख़बर शेयर करे -