
हल्द्वानी – त्योहारी सीजन से पहले चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों को बिना चीनी की फीकी चाय पिलाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि त्योहारों से ठीक पहले चीनी समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि फीकी चाय केवल विरोध का तरीका नहीं, बल्कि उस आम आदमी की स्थिति का प्रतीक है, जिसकी जिंदगी से महंगाई ने मिठास छीन ली है। उन्होंने सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के साथ ही चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रसोई से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, सरकार की ओर से कहा गया है कि चीनी की कृत्रिम कमी और जमाखोरी रोकने के लिए बाजार की लगातार निगरानी की जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

