बस में छूटा फोन 45 मिनट के भीतर बरामद, पुलिस की मुस्तैदी की पर्यटक ने की सराहना

भवाली – नैनीताल पुलिस की तत्परता और जनसेवा की भावना का एक और उदाहरण सामने आया है। दिल्ली से आए एक पर्यटक का बस में छूटा मोबाइल फोन पुलिस ने महज 45 मिनट के भीतर खोजकर उसे सकुशल वापस सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने पर पर्यटक ने पुलिस कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की।

जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को दिल्ली से आए एक पर्यटक का मोबाइल फोन भवाली स्थित मस्जिद तिराहा पर बस से उतरते समय बस में ही छूट गया। मोबाइल गुम होने की जानकारी मिलते ही पर्यटक ने पुलिस से सहायता मांगी।

सूचना प्राप्त होते ही चीता मोबाइल ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल गुरजंट सिंह और कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह शिंदे तत्काल सक्रिय हो गए। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए संबंधित बस की जानकारी जुटाई और लगातार प्रयास करते हुए बस का पता लगाया।

कड़ी मशक्कत और त्वरित कार्रवाई के बाद पुलिस टीम ने मात्र 45 मिनट के भीतर मोबाइल फोन बरामद कर लिया। इसके बाद मोबाइल उसके वास्तविक स्वामी को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।

अपना खोया हुआ मोबाइल इतनी जल्दी वापस मिलने पर पर्यटक ने खुशी व्यक्त करते हुए नैनीताल पुलिस की तत्परता, ईमानदारी और जनसेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण उनका महत्वपूर्ण मोबाइल और उसमें मौजूद आवश्यक जानकारी सुरक्षित वापस मिल सकी।

नैनीताल पुलिस की इस सराहनीय पहल ने एक बार फिर आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत किया है और यह साबित किया है कि पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में बल्कि लोगों की सहायता करने में भी पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।